भास्कर न्यूज | मालेरकोटला एडीसी नवरीत कौर सेखों की अध्यक्षता में नार्को कोअॉर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नशा रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी ने शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वह पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लक्ष्य के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर गतिविधियां आयोजित करें। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दवा विक्रेता द्वारा प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न हो और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान एसपी सतपाल शर्मा ने पुलिस विभाग की कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 83 मामलों में 102 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 302 ग्राम हेरोइन, 101 किलो भुक्की, 1791 नशीली गोलियां, 33 शीशियां, 1 किलो 100 ग्राम सुल्फा, 35 हजार रुपए ड्रग मनी और 5 वाहन भी बरामद किए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों के सहयोग से 173 जागरूकता सेमिनार भी आयोजित किए गए। बैठक में एसडीएम गुरमीत कुमार बंसल, जिला सामाजिक न्याय व अधिकारिता अधिकारी मुकल बावा, आबकारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह, खेतीबाड़ी विकास अफसर लाजिंदर सिंह, खेतीबाड़ी विकास अफसर सतिंदर कौर, मेडिकल अफसर डॉ. अशोक, जोनल लाइसेंस अथार्टी अमनदीप वर्मा आदि उपस्थित थे।


