अमृतसर | डीसी साक्षी साहनी के नेतृत्व में पिछले 2 महीनों से नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग के दौरान ड्रग कंट्रोल विभाग ने जिले में मेडिकल स्टोरों पर की गई जांच में अब तक 71 लाख रुपए की नशीली दवाएं बरामद की हैं। 38 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड तो 5 सील कर दिए गए हैं। जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी अधिकारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि हमारी टीमों ने अब तक 94 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया है, जिसके दौरान विभिन्न स्टोरों से 1.60 लाख नशीले कैप्सूल और 1.55 लाख नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। जिसमें प्रीगाबेलिन, ट्रामाडोल, टैपिटडोल आदि शामिल हैं। जिन मेडिकल स्टोरों से ये दवाएं बरामद की गई हैं, उनके खिलाफ 6 पुलिस मामले दर्ज किए गए हैं। नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है। टीमें अब हर छोटे-बड़े गांव में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण भी करने जा रही हैं, ताकि कोई भी मेडिकल स्टोर विक्रेता नशे से संबंधित दवाइयों का दुरुपयोग न कर सके।


