भास्कर न्यूज | धमतरी राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 14 वाहन जब्त किए गए हैं। सभी का चालान न्यायालय में पेश किया गया। सभी का चालान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 14 चालकों पर कार्रवाई की गई। कानून के अनुसार, इस धारा के तहत 10 हजार रुपए के आर्थिक दंड का प्रावधान है। यातायात इंचार्ज खेमराज साहू ने बताया कि 5 जनवरी को मगरलोड पुलिस ने एल्कोमीटर जांच करते हुए 4 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इनमें थनेश्वर ध्रुव (25), सोमप्रकाश सिन्हा (32), डिगेंद्र कुमार कंवर (21) और कलीराम पटेल (39) के नाम शामिल हैं। भखारा पुलिस ने 6 जनवरी को सेमरा मोड़ चेकिंग पाइंट पर कार्रवाई करते हुए रामकृष्ण साहू (21), कीर्तन कुमार ध्रुव (38), हरिश केशरी (45), गोवर्धन साहू (25), और मोहित कुमार (27) के वाहन जब्त किए। अंबेडकर चौक और अन्य क्षेत्रों से भी विभिन्न वाहनों पर कार्रवाई की गई। इन मामलों में राजेश साहू (23), ईश्वर नेताम (45), कुलेश्वर साहू (38), गुलशन साहू (27), और हुमेश्वर साहू (31) के वाहन जब्त किए गए हैं।


