बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम रसौटा में शराब के नशे में हुई गाली-गलौज और उसके बाद हुई झड़प में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी 35 वर्षीय समीर साय को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 29 दिसंबर 2025 की रात गांव के चौक पर हुई थी। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। मृतक करण गहीरवार (28 वर्ष) गांव के चौक स्थित एक दुकान के पास शराब के नशे में अश्लील गालियां दे रहा था। वहां मौजूद समीर साय (35 वर्ष) ने उसे शांत रहने को कहा, लेकिन करण ने समीर को ही गाली देना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। झड़प में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत झड़प के दौरान नशे की हालत में करण दुकान की सीढ़ी से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल पलारी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक उसका इलाज चला। हालत में सुधार न होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में एक सप्ताह तक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए छुट्टी दे दी। अगले ही दिन शनिवार को रायपुर में अपने रिश्तेदार के घर पर करण की मौत हो गई। मां की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया मृतक की मां ने पलारी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पलारी पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आरोपी समीर साय को तिल्दा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है।


