नशे में धुत इनोवा चालक ने मंगलवार रात 2.17 बजे एटीएम चेकिंग कर लौट रही डायल-112 में 100 की रफ्तार से टक्कर मार दी। एफआरवी नंबर 18 के क्षतिग्रस्त होते ही पुलिस टीम ने वायरलेस पर सूचना दी। आगे तैनात एफआरवी-17 ने घेराबंदी कर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक दूसरी 112 को टक्कर मारकर भाग निकला। दो टक्करें मारने के बाद पुलिस ने बोलेरो खड़ी कर इनोवा को रोका और चालक को गिरफ्तार किया। घटना बहोड़ापुर थाने की है। पेट्रोलिंग कर रही डायल-112
बहोड़ापुर थाना की एफआरवी-18 क्षेत्र के रजमन नगर के एटीएम में चेकिंग कर रात करीब 2 बजे लौट रही थी। तभी रास्ते में 100 की स्पीड से आई इनोवा ने इसमें टक्कर मारकर भाग गई। एफआरवी में तैनात आरक्षक कोमल शरण, पायलट कमलेश सिंह ने सूचना वायरलेस पर दी। आगे दूसरी एफआरवी ने चौराहे पर इनोवा को घेर लिया, लेकिन वाहन ने दूसरी एफआरवी में टक्कर मारकर निकल गई। अंत में पुलिस ने बोलेरो को बीच रास्ते में खड़ा किया, तब इनोवा वाहन को पुलिस पकड़ सकी। आरोपी बोला-टक्कर से घबरा गया, इसलिए दौड़ाई कार
पुलिस ने अंत में 24 बीघा निवासी इनोवा कार चालक तरुण शर्मा को पकड़ लिया। नशे में होने पर उसका मेडिकल कराया। तरुण ने पुलिस को बताया कि नशे में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से एक्सीडेंट हुआ। इसके बाद डर से वाहन को दौड़ाया। इधर… जेएएच में नर्सिंग ऑफिसर की कार ने मारी टक्कर, सुरक्षाकर्मी घायल: न्यू जेएएच के तैनात सुरक्षाकर्मी बलवंत परिहार के पैर पर नर्सिंग ऑफिसर अनीता शर्मा की कार चढ़ गई। इससे उसका पैर फ्रेक्चर हो गया है। सुरक्षाकर्मी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।


