नहर से पानी चोरी रोकने गए जेईएन पर हमला:अवैध साइफन हटाते समय मारपीट, दांत से काटकर घायल; SC-ST एक्ट में केस

हनुमानगढ़ में सिंचाई पानी की चोरी रोकने गए एक सरकारी कर्मचारी पर हमला किया गया। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और मोबाइल भी लूट लिया। खुईयां थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी संजय कुमार इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) रावतसर में जेईएन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना 19 जनवरी की रात करीब 11:45 बजे हुई। वे चौकीदार देवीलाल, गेट ऑपरेटर सुभाष और चालक विक्रम के साथ सरकारी बोलेरो से गश्त पर थे। गश्त के दौरान, चौधरी कुम्भाराम आर्य लिफ्ट नहर की जबरासर माइनर के किमी 3.150 पर अवैध रूप से साइफन पाइप लगाकर पानी चोरी की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध पाइप हटाने शुरू किए। तभी जोखासर निवासी अमित सहारण, दीवान सहारण, हेतराम सहारण सहित 9-10 अन्य लोग वहां आ गए और अचानक हमला कर दिया। संजय कुमार द्वारा वीडियो बनाने पर आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि अमित सहारण ने जेईएन संजय कुमार के हाथ को दांत से काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल संजय कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं, जिसमें एससी-एसटी एक्ट भी शामिल है, के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सीओ नोहर सुभाष चंद्र करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *