नागाबाबा खटाल सब्जी मार्केट के पास निगम की जमीन पर 10 सीटर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। सीसीएल के सीएसआर फंड से करीब 40 लाख रुपए से इसका निर्माण कराया गया है। शहर के अंदर यह पहला सार्वजनिक शौचालय है जहां ग्राउंड फ्लोर पर 5-5 सीटर का शौचालय बना है। पे एंड यूज की मॉडल पर इसका संचालन होगा। शौचालय के एक जोन में शिशु आहार कक्ष और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई गई है। शौचालय के ऊपर छत पर महिला और पुरुष के लिए आश्रयगृह बनाया गया है। यहां कुल 10 बेड लगाए गए हैं। इसके लिए प्रतिदिन 50 रुपए की दर से शुल्क देना होगा। शौचालय सह आश्रयगृह का उद्घाटन बुधवार को किया गया। अब आम लोग यहां की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। नगर निगम की ओर से इस साल शहर को साफ-स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। मोरहाबादी में आधुनिक वेंडिंग जोन बनाकर 200 दुकानदारों को व्यवस्थित किया गया है। मोरहाबादी में साइकिल ट्रैक बनाया गया। इससे लोगों को सुरक्षित ट्रैक मिला। शहर में 17.11 किमी बिटुमिन की सड़क बनाई गई है। इससे परिवहन को बढ़ावा दिया गया। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एमआरएफ सेंटर बनाए गए हैं।


