सिरोही के नागेश्वर बस्ती में सकल हिंदू समाज द्वारा 1 फरवरी को एक विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। राधिका कॉलोनी में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हाल ही एक बड़ी बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया। सम्मेलन के लिए घर-घर जाकर पीले चावल के पत्रक के साथ आमंत्रण दिए जा रहे हैं। यह आयोजन संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समग्र हिंदू समाज में जन जागरण के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य सनातन संस्कृति, उसकी गौरवशाली परंपराओं और नैतिक मूल्यों से लोगों को जोड़ना है। देवनगरी सिरोही के नागेश्वर बस्ती, जिसमें हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पीडब्ल्यूडी, राधिका प्रथम व द्वितीय, शंकरपुरी कॉलोनी, रूपाली नगर, बजरंग नगर, आदर्श नगर, राज कॉलोनी, तुलसी नगर, नेहरू नगर, क्षेत्रपाल नगर सहित आसपास के क्षेत्र के परिवारों द्वारा यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और सद्भावना को बढ़ावा देना है। तैयारियों के तहत सम्मेलन स्थल की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। सम्मेलन में जोधपुर प्रांत महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख हरिकिशन काकड़ और पाडीव आश्रम के संत मंगलपुरी महाराज सहित कई विद्वानों और संतों का सानिध्य प्राप्त होगा। सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए 30 जनवरी को दोपहर तीन बजे नागेश्वर बस्ती के मुख्य मार्गों से एक दुपहिया वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली हनुमानजी मंदिर से शुरू होगी। वहीं, 1 फरवरी को दोपहर 3 बजे नागेश्वर मंदिर से हनुमानजी मंदिर तक महिलाओं की एक विशाल कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
सम्मेलन की सफलता और अधिकाधिक हिंदू समाज की जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के साथ टोलिया बनाकर कर काम शुरू किया गया है। इसी प्रकार प्रचार प्रसार, अतिथि व संत स्वागत, भोजन प्रसादी, मंच साज सज्जा, रंगोली, टेंट डेकोरेशन, साउंड, सांस्कृतिक प्रोग्राम झांकी, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल व्यवस्था सहित आवश्यक कार्यों के लिए बैठक में सर्वसम्मति से अलग-अलग टोली का गठन किया गया।


