नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने नक्कास गेट इलाके में छापेमारी की, जहां तस्करी के साथ-साथ बड़े स्तर पर बिजली चोरी का खुलासा हुआ है।
कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि इस क्षेत्र से काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इस धंधे में मुख्य रूप से शामिल आरोपी मनोज सांसी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और जेल में सजा काट रहा है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने बिजली विभाग के साथ मिलकर तस्करों के ठिकानों की जांच की, तो वहां अवैध रूप से बिजली का उपयोग पाया गया, जिसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके बिजली कनेक्शन काट दिए। विभाग अब इन मामलों में भारी जुर्माना लगाने और चोरी की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है।
थानाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि पुलिस अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। इससे पहले गोचर भूमि पर अवैध रूप से बने एक अन्य तस्कर गोपाल के मकान पर भी प्रशासन का डंडा चला था। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध की कमाई और अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे इन अवैध धंधों को पूरी तरह छोड़ दें, अन्यथा आने वाले दिनों में और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।


