नागौर में बुधवार रात एक सड़क हादसे में एक परिवार की 3 जिंदगियां थम गईं। बीमार भाई से मिलकर लौट रही एक बहन, उसका बेटा और मासूम पोता बेकाबू बोलेरो की चपेट में आ गए। अंबाली चौराहे पर बाइक में हवा भरवाते समय हुए इस हादसे में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां को कैंपर 100 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। गुरुवार को जब एक ही परिवार के तीन जनाजे उठे तो पूरा गांव गमगीन हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके हादसे की जांच शुरू कर दी है। अब देखिए, हादसे से जुड़ी 3 PHOTOS… बीमार भाई से मिलने का आखिरी सफर
बरनेल गांव की चोटियों की ढाणी निवासी बाना बानो (45) बुधवार को नजदीकी गांव शेरानी आबाद में अपने बीमार भाई से मिलने आई थी। बेटा अहमद रजा (22) मां को बाइक पर बैठाकर लाया था। अहमद का भतीजा आरुस (10) भी उनके साथ आया था। शेरानी आबाद से लौटते समय अंबाली चौराहे पर अहमद ने बाइक के टायर में हवा डलवाने के लिए रुका। रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से अहमद और आरुस उछलकर दूर जा गिरे, जबकि बाना कैंपर के नीचे फंस गईं। 100 फीट तक घसीटा, फिर भाग निकला ड्राइवर
लोगों ने बताया कि ड्राइवर ने बाना को करीब 100 फीट तक घसीटा। गाड़ी मिट्टी में फंसने के बाद आरोपी कैंपर छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंपर के पीछे आ रही दूसरी कार में कुछ लोग उतरे, ड्राइवर और कैंपर का सामान लेकर फरार हो गए। एक संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना पर जुटे लोगों ने पुलिस को घेर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। लोग छोटी खाटू सीएचसी के बाहर धरने पर बैठ गए। रात 1:30 बजे एएसआई रामप्रकाश समेत अन्य पुलिसकर्मियों को घेर लिया। रात करीब 2 बजे मामला शांत हुआ। गुरुवार को पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


