नागौर शहर के सबसे बड़े मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र में जननी सुरक्षा योजना के तहत चल रही एम्बुलेंस सेवा पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवहन विभाग की अचानक जांच में सामने आया कि प्रसूताओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए तैनात 5 एम्बुलेंस गाड़ियां डाक्यूमेंट्स और फिटनेस से जुड़ी शर्तें पूरी नहीं की जा रही हैं। जांच में 5 एम्बुलेंस पाई गईं मानकों से बाहर
मौके पर खड़ी एम्बुलेंसों की बारीकी से जांच करने पर एक के बाद एक कुल पांच गाड़ियां ऐसी मिलीं जिनके फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी डाक्यूमेंट्स सही नहीं थे। इन सभी पांच एम्बुलेंसों के मौके पर ही चालान काटे गए। अधिकारियों के पहुंचते ही आधी गाड़ियां हुईं गायब
छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध स्थिति भी सामने आई। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही वहां खड़ी पांच अन्य एम्बुलेंस रहस्यमय तरीके से हटा ली गईं। चर्चा है कि ठेकेदार ने कार्रवाई से बचने के लिए इन गाड़ियों को पहले ही वहां से हटवा दिया, जिससे उसकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। MCH विंग में कुल 10 एम्बुलेंस तैनात हैं, लेकिन जांच के समय केवल पांच ही मौके पर मिलीं।
दो एम्बुलेंस जब्त, अतिरिक्त हेडलाइट्स बनी कारण
RT इंस्पेक्टर जगदीश चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान पाई गई पांचों एम्बुलेंसों के चालान बनाए गए, जिनमें से दो एम्बुलेंस को डिटेन किया गया है। इन गाड़ियों में अतिरिक्त हेडलाइट्स लगी थीं, जो सामने से आने वाले वाहनों के लिए खतरनाक हो सकती हैं। जब तक ये अतिरिक्त लाइट्स नहीं हटाई जाएंगी, इन एम्बुलेंसों का संचालन नहीं किया जाएगा। एमसीएच प्रभारी को दिए निर्देश
जगदीश चौधरी ने एमसीएच विंग प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि नियमों का पालन होने तक इन एम्बुलेंसों को सड़कों पर नहीं उतारा जाए। उन्होंने भविष्य में भी नियमों की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। गैस किट को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि मौके पर मौजूद एम्बुलेंसों में फिलहाल कोई गैस किट नहीं पाई गई। रिपोर्ट सौंपकर आगे की कार्रवाई की तैयारी
परिवहन विभाग ने पूरी कार्रवाई के बाद अपनी रिपोर्ट और चालान की कॉपी एमसीएच विंग प्रभारी को सौंप दी है। अब स्वास्थ्य विभाग को तय करना है कि नियमों की अनदेखी करने वाले ठेकेदार और संबंधित कर्मियों पर क्या कार्रवाई की जाती है। मामले में जुर्माना, लाइसेंस और टेंडर रद्द होने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।


