नागौर जिले की जायल पुलिस ने नहरी पाइप लाइन से पानी की चोरी कर खेती करने के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जायल थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा की टीम ने फरड़ोद निवासी श्रवण मेघवाल, दिलीप बावरी, रूणिया निवासी भंवरलाल जाट, फरड़ोद निवासी मुकेश बावरी, शंकरलाल बावरी, टांगला निवासी श्रवणसिंह राजपूत व फरड़ोद निवासी हीराराम गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में मातासुख के नत्थूराम जाट व फरड़ोद के नत्थूराम बिड़ियासर को नामजद किया है। जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि सहायक अभियंता जितेंद्र पांचोली ने सरकारी नहर की पाइपलाइन में अवैध वॉल्व लगाकर पानी चोरी कर खेती करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले में 7 अाराेपियों को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य मुख्य आरोपी मोबाइल स्विच ऑफ करके फरार चल रहे हैं। आरोपियों की तलाश जारी है। इसके अलावा राजस्व विभाग से उन लोगों का रिकॉर्ड मांगा गया है, जिनके खेत में नहरी पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन के जरिए खेती की जा रही थी, उनके खिलाफ भी आरोप तय किए जाएंगे और फिर अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।


