नाथद्वारा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम मोंटेकार्लाे लिमिटेड एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में नाथद्वारा बस स्टैंड पर आयोजित किया गया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों को आवश्यक जानकारी दी गई। दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर उन्हें हमेशा हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। मोंटेकार्लाे लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर पूरे माह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस अभियान में सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और रिफ्लेक्टर का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में अहम भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।


