नाबालिग को 10 लोगों ने घेरकर, थप्पड़-बेल्ट, लात-घूंसे मारे:धार में क्रिकेट खेलते समय झगड़े के वीडियो सोशल मीडिया पर डाले

धार में एक नाबालिग लड़के को 10 लोगों ने लात-घूंसों, थप्पड़, बेल्ट से जमकर पीटा। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में महाजन हॉस्पिटल के सामने स्थित एसपीडी ग्राउंड में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक नाबालिग किशोर पर सामूहिक हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक क्रिकेट खेलने के दौरान हुई कहासुनी के बाद आरोपियों ने नमन (बदला नाम) पर अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो में आपराधिक प्रवृत्ति दर्शाने वाला संगीत भी जोड़ा गया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। यह वीडियो बुधवार को सामने आया। मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान ध्रुव पिता नारायण पाटीदार (पिंजराया), उमंग पिता कमलेश पाटीदार (सुल्तानपुर), माधव पिता चंद्रमोहन पाटीदार (ज्ञानपुरा), विशाल पाटीदार (तिरला), अविश पाटीदार, प्रियांशु चावड़ा (नौगांव), आदेश पाटीदार (लबरावदा), आदर्श पाटीदार (ज्ञानपुरा), कनिष्क पाटीदार (सगवाल) और अंशुल पाटीदार (तिरला) के रूप में हुई है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मारपीट करने वाले सभी आरोपी 18 से 19 वर्ष की आयु के हैं। क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद बढ़ने पर उन्होंने नाबालिग युवराज पर हमला किया था। फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एसटी-एससी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *