मऊगंज में गणतंत्र दिवस के मौके पर पिपराही स्थित आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में नाबालिग छात्र कथित तौर पर शराब पीते और छात्रावास परिसर में डीजे पर फूहड़ गानों पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने सरकारी छात्रावासों की निगरानी और अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ढाबे पर शराब पीते नाबालिग का वीडियो आया सामने वीडियो के मुताबिक, 26 जनवरी को छात्रावास के कुछ नाबालिग छात्र पास के एक ढाबे पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने शराब पी। इसके बाद वे छात्रावास लौट आए और परिसर में तेज आवाज में डीजे लगाकर भोजपुरी और अश्लील गानों पर घंटों तक नाचते रहे। यह गतिविधि सुबह से लेकर शाम करीब चार बजे तक जारी रही। छात्र बोला-वॉर्डन हॉस्टल में नहीं रहते, हम ऐसे ही एंजॉय करते हैं वायरल वीडियो में एक छात्र खुद को आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास का कक्षा 11वीं का छात्र बताते हुए कह रहा है कि वॉर्डन अक्सर छात्रावास में मौजूद नहीं रहते, जिसके कारण वे बाहर जाकर ‘एंजॉय’ करते हैं। यह वीडियो उसी ढाबे के अंदर से रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद छात्रावास की व्यवस्था और अधीक्षक रामानुज यादव की भूमिका पर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पहले भी छात्रावास में अनुशासनहीनता की शिकायतें की थीं। हालांकि, अधीक्षक रामानुज यादव ने इन आरोपों को एक साजिश बताया है। प्राथमिक शिक्षक, प्रभारी अधीक्षक को नोटिस जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज कलेक्टर ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षक और प्रभारी अधीक्षक रामानुज यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में छात्रावास में हुए अमर्यादित नृत्य से शासकीय संस्था की गरिमा और प्रशासन की छवि धूमिल होने का उल्लेख करते हुए दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
ढाबा संचालक ने शराब पिलाने से किया इनकार
वीडियो में ढाबे के अंदर छात्रों के शराब पीने के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। इससे ढाबा संचालक भी सवालों के घेरे में आ गया है। आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। हालांकि ढाबा संचालक ने शराब पिलाने से इनकार किया है।
आदिम जाति कल्याण विभाग, मऊगंज के जिला संयोजक नीलकंठ मरकाम ने बताया कि मामला सामने आते ही इसे संज्ञान में लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


