नाबालिग वाहन चलाते मिले तो अभिभावकों को जेल-जुर्माना:सलूंबर में यातायत पुलिस का जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट-लाइसेंस पर सख्ती

सलूंबर जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिला यातायात पुलिस प्रभारी देवीदयाल सिंह ने अपनी टीम के साथ नगर और जिलेभर में नाबालिग स्टूडेंट्स को वाहन चलाने और यातायात नियमों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई की। यातायात पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय स्थित निजी संस्थान में अचानक निरीक्षण किया और स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं के वाहनों की जांच की। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया गया, तो वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जेल की सजा और 25 हजार रुपए तक का जुर्माना शामिल है। यातायात प्रभारी देवीदयाल सिंह ने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस गाड़ी चलाना, तेज गति से वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना और नशे की हालत में वाहन चलाना जैसी गंभीर लापरवाहियों पर अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इन सभी मामलों में संबंधित अभिभावकों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। निजी संस्थान के मुख्य विभागाध्यक्ष रणधीर सिंह राठौड़ ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि स्कूल स्तर पर वाहन लेकर आने, हेलमेट नहीं पहनने, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और स्कूल परिसर के बाहर वाहन खड़े करने जैसे मामलों में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। उनका मानना है कि इससे भविष्य में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *