डीग कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपियों पर किशोरी के परिवारजनों से मारपीट का भी आरोप है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 29 जनवरी की शाम लगभग 4 बजे की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार जब नाबालिग किशोरी घर पर अकेली थी, तभी कुछ आरोपी घर में घुस गए। उन्होंने किशोरी से जबरदस्ती करने और उसे अपहरण करने के उद्देश्य से घर से बाहर खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान पीड़ित परिवार के कुछ सदस्य मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किशोरी को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसके बाद कुछ अन्य लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने पीड़ित पक्ष, नाबालिग किशोरी और उसकी गर्भवती भाभी के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान नाबालिग किशोरी पर हमला किया गया, और गर्भवती महिला के पेट में लात मारी गई। घटना के बाद नाबालिग किशोरी को डीग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह बेहोशी की स्थिति में उपचाराधीन है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


