छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को बेमेतरा जिला से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई 2025 को एक स्थानीय महिला द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी 29 जुलाई 2025 की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने संदेह व्यक्त किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले में अपराध कायम कर जांच शुरू की। जहां विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका किसी सारंगढ़ जिला के सरिया निवासी सुमीत यादव 23 साल नामक युवक के संपर्क में थी। मोबाइल के माध्यम से उससे बातचीत करती थी। ऐसे में पुलिस संदेही युवक व बालिका की पतासाजी कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिला कि दोनों थाना बेरला, जिला बेमेतरा क्षेत्र में हैं। इसके बाद पुलिस की टीम शुक्रवार को बेमेतरा रवाना हुई।
किराए के मकान में रखा
जहां स्थानीय पुलिस की मदद से संदेही सुमीत यादव तक पहुंचकर उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर थाना लाया गया। पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुमीत यादव ने उससे शादी करने का झांसा देकर घर से भगा ले गया और बेमेतरा में किराए के मकान में रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी को जेल भेजा गया
ऐसे में बालिका का महिला उप निरीक्षक द्वारा कथन दर्ज कराया गया और नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिसमें धारा 87,64(2) (M) BNS, 06 पॉक्सो एक्ट की पुष्टि होने पर धारा जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड में जेल भेज दिया गया है।


