जवाजा पुलिस ने एक नाबालिग स्कूल छात्र से मारपीट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने के आरोप में दो मुख्य आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 21 नवंबर 2025 को छुट्टी के बाद एक छात्र घर जाने के लिए स्कूल के बाहर खड़ा था। तभी मोटरसाइकिल पर सवार नेहपाल सिंह और दिवराज सिंह वहां पहुंचे। आरोपियों ने छात्र को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और सांगरवास माइंस क्षेत्र में ले गए। वहां उन्होंने छात्र के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद छात्र के कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जवाजा पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिवराज सिंह (20) पुत्र विक्रम सिंह रावत, निवासी अनाकर, पुलिस थाना जवाजा, जिला ब्यावर और नेहपाल सिंह (22) पुत्र गैन सिंह रावत, निवासी सांगरवास, पुलिस थाना जवाजा, जिला ब्यावर के रूप में हुई है। इस प्रकरण में आगे की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


