बीकानेर पुलिस ने दो साल पुराने दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। नयाशहर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से लगातार पहचान बदलकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था और पुलिस की पकड़ से बाहर था। नाबालिग के लापता होने पर दर्ज हुआ था मामला शिकायतकर्ता ने 28 अक्टूबर 2023 को नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी 27 अक्टूबर को स्कूल जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। पहचान बदलकर जयपुर में कर रहा था मजदूरी लगातार तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को जयपुर क्षेत्र में एक डाई फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे आरोपी धनेश सिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी नागौर जिले के जसनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। टीम ने मिलकर किया काम पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज हेमंत शर्मा और पुलिस अधीक्षक बीकानेर कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर पुराने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में नयाशहर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। पूछताछ और अनुसंधान जारी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी अनुसंधान जारी है।


