नामकुम: एंटी क्राइम चेकिंग में 2 अपराधी धराए, हथियार बरामद

नामकुम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के गिरोह के सदस्य किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल से टाटीसिल्वे मार्ग होते हुए रांची आ रहे हैं। सूचना के आधार पर शुक्रवार की देर रात पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा नामकुम–टाटीसिल्वे मार्ग स्थित सपाही नदी पुल, जोरार के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान टाटीसिल्वे की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर हेडलाइट बंद कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेसाहातु, सोनाहातु निवासी राजेश पाण्डेय उर्फ अमरजीत पाण्डेय (29), वर्तमान पता पटियादोन जोरार बस्ती तथा होटलो, सोनाहातु निवासी कन्हाई दास (23) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राजेश पांडेय के पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और अपाची मोटरसाइकिल (जेएच01एफएफ 9889) बरामद की गई। वहीं कन्हाई दास के पास से भी एक पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में आरोपियों ने राहुल दुबे गिरोह के लिए काम करने और रांची के बड़े व्यवसायियों की रेकी कर रंगदारी मांगने की योजना का खुलासा किया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *