हरियाणा के जिला महेंद्रगढ़ के अटेली क्षेत्र में नामी कंपनी के नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। सेमिता लीगल कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किराणा स्टोर से नकली Harpic और Colin बरामद किए हैं। मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। राजस्थान के अलवर निवासी निश्चय जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेमिता लीगल कंपनी नोएडा में अधिवक्ता के पद पर कार्यरत है। उसको Reckitt Benckiser (India) Pvt. Ltd. की ओर से नकली उत्पाद बनाने व बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया है। गुप्त सूचना मिली बीते कल वह अपनी कंपनी के फील्ड ऑफिसर मनोज वर्मा के साथ अटेली क्षेत्र में सर्वे पर थे। इसी दौरान विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कनीना चौक अटेली के पास स्थित माँ भगवती किराणा स्टोर पर Harpic, Colin व अन्य उत्पादों के नकली सामान की बिक्री की जा रही है। सूचना को सही मानते हुए वह थाना अटेली गया और पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से दुकान पर रेड की गई। दुकान से यह मिला रेड के दौरान दुकान से 17 नग टॉयलेट क्लीनर Harpic (500 मिली) और 3 नग ग्लास क्लीनर Colin (500 मिली) बरामद किए गए, जो जांच में नकली पाए गए। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने दुकान मालिक का नाम नवीन अग्रवाल निवासी बोचड़िया, थाना अटेली बताया। बरामद नकली उत्पादों में से एक-एक नमूना अलग कर शेष सामान को सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। दुकानदार पर मामला दर्ज पुलिस ने शिकायत व बरामदगी के आधार पर नवीन अग्रवाल के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नकली उत्पादों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।


