भास्कर न्यूज | नाला जसपुर फुटबॉल मैदान में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो, पूर्व जिप अध्यक्ष सुकमुनी हेम्ब्रम, खैरा मंडल अध्यक्ष ठाकुर मनी सिंह सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं बॉल उछालकर खेल का उद्घाटन किया। उद्घाटन मैच जसपुर बनाम मागरूडीह के बीच खेला गया, जिसमें जसपुर टीम ने 1-0 से जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में जसपुर ने किसोड़ी को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। विजेता एवं उपविजेता टीम को अतिथियों द्वारा शील्ड, कप एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। दुमका लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के तहत फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, साइक्लिंग सहित 10 खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे खासकर आदिवासी युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच मिल सके। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियान के तहत प्रधानमंत्री जी ने स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि रोजगार और भविष्य गढ़ने का भी माध्यम है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक अभय कुमार सिंह, दिलीप हेम्ब्रम, मुखिया नेफालाल मरांडी, मनोज गोस्वामी, सुरज झा, रेफरी कृष्णा मुर्मू, सोना लाल सोरेन, निपन सिंह, समरेश सिंह, नव सिंह, मोहित भोक्ता, वरुण मंडल, देवेन माजी, गोराचांद मंडल, जगत गोराई उपस्थित थे। भास्कर न्यूज | जामताड़ा सांसद खेल महोत्सव के तहत सोमवार को नारायणपुर प्रखंड के मंझलाडीह फुटबॉल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रखंड क्षेत्र की एक टीमों ने इसमें भाग लिया और शानदार खेल प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला मंझलाडीह और दुलाडीह टीमों के बीच खेला गया। कार्यक्रम के संयोजक सह मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा एवं स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच की शुरुआत की। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल कर बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का निर्णय हुआ, जिसमें मंझलाडीह ने दुलाडीह को 5-4 से पराजित किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभा को निखारने और सही मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कर रही है, ताकि गांव में छिपी खेल प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सके। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए प्रखंड, जिला, राज्य और देश स्तर पर नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही नई खेल नीति के लाभों के बारे में भी जानकारी दी।


