नारायणपुर में 7 दिन के अंदर दूसरे जवान ने की खुदकुशी

भास्कर न्यूज | नारायणपुर कोहकामेटा थाना क्षेत्र स्थित कोड़नार कैंप में गुरुवार सुबह ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर जब तक साथी जवान मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक जवान पिंगल जूरी निवासी कांकेर के सिर के दाहिने हिस्से (कनपटी) में गोली लगी है। कैंप हाल ही में 19 दिसंबर को अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा और विकास कार्यों को गति देने के लिए स्थापित किया गया था। नारायणपुर में जवानों द्वारा खुदकुशी का यह दूसरा मामला है। ठीक एक सप्ताह पहले सचिन कुमार नाम के एक जवान ने होरादी सुरक्षा कैंप में खुद को गोली मार ली थी। सचिन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा बलों के भीतर तनाव और मानसिक स्वास्थ्य पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रदेश में इस साल अब तक करीब 16 जवानों ने आत्महत्या की है। खेल, योगा व ध्यान सत्र का आयोजन: हर सुबह कैंप में जवानों के लिए योग और ध्यान सत्र आयोजित किए जाते हैं। कैंपों में वॉलीबॉल, बैडमिंटन या अन्य स्थानीय खेलों का आयोजन किया जाता है। आला अधिकारी खुद कैंपों में जाकर जवानों से रूबरू होते हैं और उनकी व्यक्तिगत या सर्विस से जुड़ी समस्याओं (जैसे वेतन, प्रमोशन या छुट्टी) का मौके पर समाधान करने की कोशिश करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *