नालंदा पार्ट-2 पर कांग्रेस ने सरकार से पूछे 10 सवाल:कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक राजेश मूणत से मांगा जवाब

नालंदा परिसर पार्ट-2 के निर्माण को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार से 10 सवाल पूछे हैं। कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने कहा कि नालंदा पार्ट-2 का भूमि पूजन करने से पहले सरकार, पूर्व सरकार और क्षेत्रीय विधायक को रायपुर की जनता के सामने कई सवालों के जवाब देने चाहिए। श्रीकुमार मेनन ने आरोप लगाया कि पिछले 3–4 सालों से स्मार्ट सिटी के तहत बने यूथ हब को नियमविरुद्ध बताकर जनता को गुमराह किया गया। जबकि विधानसभा में नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के जवाब में साफ हो चुका है कि यूथ हब नियमों के अनुसार बना था। इसके बावजूद इसे अवैध बताकर तोड़ा गया, जो जनता के साथ धोखा है। यूथ हब तोड़ा, सैकड़ों लोगों का रोजगार गया कांग्रेस का कहना है कि 7–8 करोड़ रुपए की लागत से बने यूथ हब को तोड़ने से 300 से 400 लोगों का रोजगार छिन गया। श्रीकुमार मेनन ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री अरुण साव या विधायक राजेश मूणत इन लोगों को दोबारा रोजगार दिलाएंगे? साथ ही यह भी पूछा कि क्या किसी जनप्रतिनिधि ने तोड़ी गई दुकानों वाले लोगों की वर्तमान स्थिति जानने की कोशिश की? खर्च की भरपाई कौन करेगा? कांग्रेस ने पूछा कि यूथ हब पर खर्च की गई करोड़ों रुपए की राशि की भरपाई कौन करेगा—स्मार्ट सिटी के अधिकारी, तत्कालीन सांसद सुनील सोनी, तत्कालीन विधायक बृजमोहन अग्रवाल, या कोई और? श्रीकुमार मेनन ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बने निर्माण को तोड़ने की अनुमति देना भी गंभीर मामला है। नालंदा पार्ट-2 के स्थान पर सवाल कांग्रेस ने नालंदा पार्ट-2 के निर्माण स्थल को लेकर भी सवाल उठाए। कहा गया कि जब नालंदा पार्ट-1 के पास पहले से खाली और तय स्थान मौजूद था, तो वहां निर्माण क्यों नहीं कराया गया? जीई रोड के किनारे निर्माण से ट्रैफिक और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को न्योता क्यों दिया जा रहा है? खुली बहस की चुनौती कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि अरुण साव और राजेश मूणत में नैतिक साहस है, तो वे इन सभी मुद्दों पर रायपुर की जनता और मीडिया के सामने सार्वजनिक बहस के लिए आएं। श्रीकुमार मेनन ने कहा कि सच सामने आएगा और जनता तय करेगी कि झूठ किसने फैलाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *