इचाक | इचाक थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में रविवार को हुई वज्रपात की घटना में एक महिला की जान चली गई। मृतक महिला की पहचान देवंती देवी उम्र 48 वर्ष पति बालेश्वर यादव के रूप में हुई है। घटना रविवार को चार बजे उस वक्त हुई जब मृतक महिला देवंती गांव के बगल स्थित भोरड़वा टांड़ में लगा टमाटर कोड़ रही थी। उसने टमाटर कोड़ना शुरू ही किया था कि इसी बीच बूंदाबांदी के साथ वज्रपात हुई। जिसके चपेट में आने से महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। अगल-बगल के खेत में टमाटर कोड रहे ग्रामीणों ने देखा कि पलक झपकते ही वज्रपात हुई जिसके चपेट में देवंती आ गई। घटना के तुरंत बाद लोग वहां पहुंचे और उसे तत्काल उठाकर घर ले आए। जहां देखते ही लोगों ने देवंती को मृत बता दिया। घटना की जानकारी इचाक पुलिस को दे दी गई है। हजारीबाग | हजारीबाग लहोसिऔघना थाना की पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी बड़कागांव के चोपदार बलिया निवासी मोहम्मद अब्दुल को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि अब्दुल पगमिल में किराए के मकान में रहता था। उसके विरुद्ध 28 अगस्त को थाना क्षेत्र की एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराई थी। इस एफआईआर के बाद अब्दुल फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पैतृक घर चोपदार बलिया से गिरफ्तार किया।


