नाहरगढ़ सहकारी संस्था में ड्रोन से खेती का लाइव डेमो:संभाग आयुक्त आशीष सिंह इफको एमसी आउटलेट भी पहुंचे

उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने शनिवार शाम प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित नाहरगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों के खेतों में ड्रोन के माध्यम से नैनो डीएपी, यूरिया और पेस्टिसाइड के छिड़काव का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। संभाग आयुक्त ने पास के खेत में जाकर ड्रोन प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को इससे होने वाले लाभ, समय और लागत की बचत के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय कलेक्टर अदिती गर्ग, सहकारी विभाग के सीईओ और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। इफको एमसी आउटलेट का भी जायजा
आशीष सिंह ने संस्था नाहरगढ़ के तहत संचालित इफको एमसी आउटलेट का भी जायजा लिया। संस्था ने इस व्यवसाय से मात्र सात माह में 9.52 लाख रुपए का लाभ कमाया है। उन्होंने संस्था द्वारा बेचे जा रहे अमूल ऑर्गेनिक उत्पादों (जैविक खाद) की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर संभाग आयुक्त और कलेक्टर ने डेली कलेक्शन कार्य का शुभारंभ किया। संभाग आयुक्त ने नाहरगढ़ निवासी कैलाशचंद्र पिता शिवनारायण को पशुपालन व्यवसाय के लिए आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना के तहत 5 गाय खरीदने के लिए 3.82 लाख रुपए का चेक सौंपा। इसके अतिरिक्त, संस्था के किसानों को वर्ष 2024-25 के लाभांश के चेक भी वितरित किए गए। खाद भंडारण व्यवस्था को भी देखा
निरीक्षण के दौरान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मंदसौर ने वर्ष 2024-25 के लाभ में से 19.71 लाख रुपए के लाभांश का चेक संभाग आयुक्त और बैंक की प्रशासक को प्रदान किया। संभाग आयुक्त ने खाद की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली, खाद वितरण व्यवस्था, लाइसेंस प्रक्रिया, ऑर्गेनिक उत्पादों और खाद भंडारण व्यवस्था का भी विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के बाद, संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संभाग के अन्य क्षेत्रों के किसानों और संबंधित व्यक्तियों को नाहरगढ़ सहकारी संस्था में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा, ताकि वे आधुनिक तकनीकों का अधिकतम लाभ उठा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *