नीमच के एक दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरवानिया महाराज निवासी लखन मालू और उनकी पत्नी सरिता मालू के रूप में हुई है। दोनों चित्तौड़गढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। दरअसल, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में निंबाहेड़ा फोरलेन बाईपास मार्ग पर बडौली माधोसिंह सर्कल के पास देर रात एक सड़क हादसा हुई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक दंपती और एक पिकअप चालक शामिल हैं। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। वैन ने पीछे से पिकअप की मारी टक्कर यह हादसा तब हुआ जब मंदसौर निवासी एक व्यक्ति की पिकअप गाड़ी का टायर पंचर हो जाने के कारण उसे बदला जा रहा था। इसी दौरान, पीछे से तेज गति से आ रही एक वैन ने पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद, वैन के पीछे आ रही एक थार गाड़ी भी उससे टकरा गई, जिससे तीन वाहनों की भिड़ंत हो गई। शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे मृतकों में नीमच जिले के सरवानिया महाराज निवासी लखन मालू और उनकी पत्नी सरिता मालू शामिल हैं। यह दंपत्ती चित्तौड़गढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव सरवानिया महाराज लौट रहा था। तीसरे व्यक्ति की पहचान पिकअप चालक बसंती लाल प्रजापत निवासी भूनिया खेड़ी, जिला मंदसौर के रूप में हुई है, जो सड़क पर पिकअप का पंचर बना रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर पिकअप स्टाफ में शामिल हस्तीलाल पामेचा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें निंबाहेड़ा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निंबाहेड़ा जिला अस्पताल के इमरजेंसी रूम में रखवाया। आज सुबह शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। निंबाहेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।


