बुरहानपुर के निंबोला गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव सोमवार सुबह उसके घर के टीनशेड पर रस्सी से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। मृतक की पहचान दीपक पिता अशोक भोजने (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसके बाद दोपहर में शव परिजनों को सौंप दिया गया। दीपक बुरहानपुर की एक प्रोसेस साइजिंग कंपनी में काम करता था। उसका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दूध मली नदी स्थित मुक्ति धाम पर किया गया। छोटे भाई चेतन भोजने ने बताया कि रविवार रात करीब 1 बजे जब वह मोती माता का मेला देखकर लौटा, तब दीपक सो रहा था। परिवार यह समझ नहीं पा रहा है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। दीपक की शादी एक साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी कई महीनों से मायके में है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। दीपक के पिता अशोक भोजने का निधन भी करीब 9 साल पहले हो चुका है। परिवार में अब उसकी मां शोभा बाई और छोटा भाई चेतन हैं। गांव के लोगों ने बताया कि दीपक एक होनहार और मिलनसार लड़का था। उसके इस गलत कदम उठाने का कारण किसी को पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार और ग्रामीण सदमे में हैं।


