नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने गुरुवार सुबह ग्रांड होटल में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की स्टैंडअप मीटिंग ली। उन्होंने शहर के 54 वार्डों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति जांची और माइक्रो प्लान के अनुसार उनके कार्यस्थल की जानकारी ली। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को हटाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त मिश्रा ने कर्मचारियों को खुले स्थानों पर कचरा न जलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई रहवासी या दुकानदार खुले में कचरा जलाता पाया जाता है, तो पहले उसे समझाया जाए। समझाने के बाद भी न मानने पर दरोगा को सूचित कर चालानी कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे वार्डों में कार्य के दौरान रहवासियों को घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने और निगम की कचरा गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक करें।
इस स्टैंडअप मीटिंग में उपायुक्त संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि शहर के 54 वार्डों में कुल 731 आउटसोर्स सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं।


