नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर पिछले 10 दिनों से चल रहा अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस का धरना सोमवार को सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी और शहर विधायक अतुल भांसाली के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। संगठन के जिला अध्यक्ष सरदार प्रकाश सिंह विद्रोही अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर निगम मुख्यालय पर भूख हड़ताल और धरने पर बैठे थे। पहले कलेक्टर कार्यालय में दोनों विधायकों, कलेक्टर और निगम आयुक्त की मौजूदगी में समझौता हुआ, लेकिन विद्रोही ने लिखित भरोसा और हस्ताक्षर के बिना धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। बाद में विधायक देवेंद्र जोशी और अतुल भांसाली नगर निगम आयुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां संगठन पदाधिकारियों की मौजूदगी में लिखित समझौते पर विधायकों ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद दोनों विधायकों ने धरना स्थल पहुंचकर सरदार प्रकाश विद्रोही को माला पहनाकर आंदोलन समाप्त करवाया।


