उदयपुर शहर में स्वच्छता अभियान को लेकर अपने स्तर पर दो वार्डों को गोद लेकर काम करने के लिए उदयपुर का मेवाड़ जनशक्ति दल आगे आया है। इसमें नगर निगम के साथ मिलकर काम किया जाएगा। दल को जो दो वार्ड दिए जाएंगे उस पर स्वच्छता को लेकर सारा काम अपने स्तर पर किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक के.के.गुप्ता ने बताया कि यह दो वार्ड जो भी नगर निगम देगा उस पर काम किया जाएगा और वह उदयपुर के लिए रोल मॉडल होंगे। वहां पर नगर निगम से हमारी तरफ से सिर्फ उन दो वार्डों में लगे सफाई कर्मचारियों के नंबर लिए जाएंगे बाकी सारा काम मेवाड़ जनशक्ति दल करेगा।
गुप्ता ने बताया कि दो वार्डो में कचरा संग्रहण से लेकर साफ-सफाई को लेकर ऐसा काम किया जाएगा कि दूसरे वार्डों को भी आगे चलकर इन वार्डों का मॉडल अपनाना होगा।
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता हमारा नैतिक दायित्व है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा को साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और सतत योगदान देने वाले संगठनों समाजसेवियों व कार्मिकों के साथ जिम्मेदार नागरिकों का सम्मान समारोह 12 जनवरी को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित किया जा रहा है। मेवाड़ जनशक्ति दल उदयपुर के संरक्षक अतुल शर्मा ने बताया कि 12 जनवरी का कार्यक्रम चावंड स्थित कटवला महादेव के महंत स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती के सानिध्य में होगा। मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी होंगे। विशिष्ट अतिथि जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश व प्रदूषण नियंत्रण नियमन मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना होंगे। मुख्य वक्ता स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक के.के.गुप्ता। ये होंगे आयोजन
संगठन के संरक्षक कपिल पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता का वाचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मार्शल आर्ट्स डेमोंसट्रेशन, एकल सम्मान, समूह सम्मान के साथ विविध आयोजन होंगे। इस आयोजन के माध्यम से संपूर्ण उदयपुर की आमजन से स्वच्छ भारत स्वच्छ उदयपुर के लिए अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। संगठन प्रमुख नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि स्वच्छता मिशन के लिए पूरे शहर में मेवाड़ जन शक्ति दल एक निगरानी दल का गठन करेगा, जो शहर की स्वच्छता की निगरानी करेगा


