लुधियाना |नगर निगम ने हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स में अपनी 1.5 एकड़ जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। नगर निगम (एमसी) ने वीरवार को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। निगम टीम ने हैबोवाल डेयरी परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया और इसकी 1.5 एकड़ जमीन (पशु चिकित्सालय के पीछे) को अतिक्रमण से मुक्त कराया। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने बताया कि बिल्डिंग ब्रांच शाखा द्वारा यह अभियान चलाया गया। अतिक्रमणकर्ता ने जमीन के चारों ओर ग्रिल लगा दी थी और चारदीवारी बना ली थी। नगर निगम की टीम ने चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया है। भवन शाखा के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में अतिक्रमणकारी को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। जब वह ऐसा करने में विफल रहे, तो बिल्डिंग ब्रांच ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाया और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया है।


