लुधियाना| नगर निगम में हुए करोड़ों रुपए के घोटालों की जांच अधूरी रहने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई न होने को लेकर वाल्मीकि सेवा संघ और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ के प्रधान विक्की सहोता ने कहा कि घोटालों की फाइलें जानबूझकर दबाई जा रही हैं, जिससे भ्रष्टाचारियों को खुली छूट मिल गई है। इसी के विरोध में वेस्ट विधानसभा उपचुनाव के दौरान सीएम भगवंत मान और आप नेताओं के दौरे का विरोध किया जाएगा। वाल्मीकि सेवा संघ के अनुसार, नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती घोटाला, सर्विस बुक में हेराफेरी और वेतन भुगतान में देरी जैसे गंभीर मुद्दे सामने आए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 140 सफाई कर्मचारियों को पिछले 14 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। वाल्मीकि सेवा संघ ने ऐलान किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के पुतले फूंके जाएंगे। साथ ही, गिरफ्तारियां देकर जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा। संघ ने कहा कि वे आप का चुनावी बहिष्कार करेंगे और पूरे विधानसभा क्षेत्र में अभियान चलाकर लोगों को इसके लिए प्रेरित करेंगे। वाल्मीकि सेवा संघ ने पुलिस कमिश्नर, नगर निगम कमिश्नर और आरटीआई विभाग के जरिए घोटालों से जुड़ी जानकारियां मांगी हैं। संघ का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।


