राजनांदगांव में हेल्थकेयर हॉस्पिटल का आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत पंजीयन तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अस्पताल में पाई गई कमियों और अनियमितताओं के कारण की गई है। राज्य शासन के निर्देशानुसार, जिले में पंजीकृत निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर राज्य नोडल एजेंसी को जांच रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए थे। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने राजनांदगांव के हेल्थकेयर हॉस्पिटल, महामाया चौक, डोंगरगांव रोड, बसंतपुर का औचक निरीक्षण किया था। पहले निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद अस्पताल संचालक ने सभी कमियों को दूर करने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन दिया था। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने जब दोबारा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, तो योजना के तहत पहले मिली कमियों के अलावा अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। जिला टीम की जांच रिपोर्ट और निलंबन की अनुशंसा जिला स्तरीय टीम ने इन कमियों के आधार पर एक जांच प्रतिवेदन तैयार किया। इसमें राजनांदगांव हेल्थकेयर हॉस्पिटल का आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीयन तीन माह के लिए निलंबित करने की अनुशंसा की गई थी। यह अनुशंसा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य नोडल एजेंसी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई। अनुमोदन के बाद अस्पताल का तीन माह पंजीयन निलंबित जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट और राज्य नोडल एजेंसी, रायपुर से अनुमोदन मिलने के बाद अस्पताल संचालक को पत्र जारी किया गया। इसके अनुसार, अस्पताल की ओर से योजना के तहत किए गए सभी प्रकरणों को निरस्त करते हुए, उसका पंजीयन अगले तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। अस्पताल को निलंबन अवधि के दौरान योजना संबंधी सभी प्रचार सामग्री हटाने और नए क्लेम प्रकरण पंजीकृत न करने के भी निर्देश दिए गए हैं।


