जालंधर| हॉकी पंजाब के अध्यक्ष और प्रमुख व्यवसायी नितिन कोहली को मंगलवार को हॉकी इंडिया का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति की त्रिवेंद्रम में आयोजित बैठक के दौरान लिया। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि नितिन कोहली के नेतृत्व में पिछले कुछ समय में पंजाब में हॉकी का काफी विकास हुआ है। हॉकी पंजाब ने पिछले वर्ष जालंधर में जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का बेहतरीन तरीके से आयोजन किया था और हॉकी पंजाब ने जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते थे। इन प्रयासों को ध्यान में रखते हुए हॉकी इंडिया की कार्यकारी बैठक के दौरान नितिन कोहली को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नितिन कोहली ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि हॉकी इंडिया ने उन्हें यह सम्मान दिया है। इस नियुक्ति पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ओलंपियन डॉ. दिलीप टिर्की, ओलंपियन आरपी सिंह, ओलिंपियन बलविंदर शमी, ओलिंपियन संजीव कुमार, ओलंपियन परगट सिंह, हॉकी पंजाब के जनरल सेक्रेटरी अमरीक सिंह पवार, हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष शेखर मनोहरन, ऑफिस सेक्रेटरी कुलबीर सैनी, ने उन्हें बधाई दी।


