अमेरिका के जॉर्जिया में साइलेंट (हार्ट) अटैक से राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के जाट बहरोड़ गांव निवासी 24 साल के विपिन चौधरी की मौत को तीन दिन हो गए। अभी पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका है। हालांकि इंडियन कम्यूनिटी वेलफेयर फंड से शव लाने की तैयारी चल रही है। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ़ नार्थ अमेरिका ( राना ) न्यू यॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी से परिवार के लोगों ने मदद मांगी है। वे लगातार भारतीय दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में हैं। माना जा रहा है कि शव को भारत लाने में तीन दिन और लग सकते हैं।
29 दिसंबर की रात विपिन चौधरी घर पर वीडियो कॉल पर मां-पिता से बात कर सोया था। अगले दिन 30 दिसंबर को नहीं उठा। दोस्त हॉस्पिटल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अब परिवार बेटे के शव आने का इंतजार कर रहा है। युवक की मौत को तीन दिन पूरे हो चुके हैं। लेकिन अभी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। अब दूतावास के अधिकारियों से परिवार के लोगों ने बात की है। चचेरा भाई पहुंचा जार्जिया विपिन चौधरी का चचेरा भाई संदीप अमेरिका में ट्रक ड्राइवर है। जो जार्जिया में पहुंच गया। वहां जाने के बाद पता चला कि दो दिन अवकाश है। शव पुलिस स्टेशन में रखा है। अब सोमववार या मंगलवार को शव को भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। उसके बाद ही शव आएगा। राजस्थान के युवक की अमेरिका में मौत:वीडियो कॉल पर मां को कहा था- नींद आ रही, सोने जा रहा; इसके बाद नहीं उठा


