गुमला|सदर थाना क्षेत्र के वृंदा कुसुम टोली में शनिवार रात हुई एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 42 वर्षीय प्रमिला देवी, पति ईश्वर गोप, ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस और परिवार दोनों ही इस आत्मघाती कदम के कारणों को समझ नहीं पा रहे हैं।मृतका की बेटी नेहा देवी ने बताया कि शनिवार की रात घर का माहौल पूरी तरह सामान्य था। सभी ने साथ में भोजन किया और सोने की तैयारी कर रहे थे। प्रमिला देवी ने भी कहा था कि “सुबह जल्दी धान काटने जाना है।” इसी बातचीत के बाद सभी सोने चले गए, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने घर में रखा खेतों में डालने वाला कीटनाशक पी लिया। रात 11 बजे उनकी हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उन्हें तुरंत गुमला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।चिकित्सकों ने रातभर उनका इलाज जारी रखा, लेकिन विष का असर गहरा होने के कारण रविवार सुबह करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि प्रमिला देवी छह संतानों की मां थीं और बड़ी बेटी नेहा धान काटने के लिए शनिवार को ही मायके आई थी।


