भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड शैक्षिक अनुसंधान परिषद एवं झारखंड शिक्षा परियोजना रांची के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से आयोजित रेल मासिक परीक्षा विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। विभाग द्वारा मासिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाने के बाद शिक्षकों ने उसे पूरी संजीदगी और ईमानदारी से समयबद्ध रूप में पूर्ण किया। जेसीईआरटी द्वारा प्रदत्त प्रश्न-पत्रों के आधार पर मासिक जांच परीक्षा का आयोजन किया। शहर के सर जीसी बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय में प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा द्वारा मासिक परीक्षा का नियमित विश्लेषण सोमवार को किया। उन्होने बताया कि विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया कि प्रारंभ में विभिन्न विषयों में 20 में से 20 अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या बहुत कम थी,जो अब बढ़कर अर्धशतक से भी अधिक हो गई है। परीक्षा के पश्चात उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर विद्यार्थियों को पुनः लौटा दिया जाता है तथा कठिन प्रश्नों की व्याख्या शिक्षकों द्वारा की जाती है। माह विभिन्न विषयों के टॉपर्स को सैकड़ों की संख्या में एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन हेतु आवेदन प्रक्रिया भी जारी है। पिछले माह के टॉपर्स को एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।


