छत्तीसगढ़ भाजपा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पार्टी ने सावित्री जगत को अनुसूचित जाति मोर्चा का रायपुर शहर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया, लेकिन आदेश जारी होने के महज 9 घंटे बाद ही उसे निरस्त भी कर दिया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकंडेय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि रायपुर शहर जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद पर सावित्री जगत की नियुक्ति त्रुटिवश हो गई थी, इसलिए इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। नियुक्ति और निरस्तीकरण को लेकर फिलहाल पार्टी के किसी भी पदाधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर सावित्री जगत की ओर से भी कोई बयान नहीं आया है। पार्टी के इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।


