निर्णायक किक: सुंदरगंज ने गोलकर 1-0 से जीता मैच, खिताब पर कब्जा

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर नवयुवक खेल समिति ने स्व. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की स्मृति में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजित किया था, जिसका समापन स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड बस स्टैंड में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण व धूपबत्ती कर उनकी खेल सेवा को याद करते हुए ​की गई। समापन दिवस पर सेंधापारा और सुंदरगंज के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी 5-5 गोल से टाई रहा, लेकिन अंतिम निर्णायक किक में सुंदरगंज ने 1-0 से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 31,000 नकद व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 21,000 नकद व ट्रॉफी विधायक शकुंतला सिंह के हाथों प्रदान की गई। उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतापपुर क्षेत्र खेलों के प्रति हमेशा अग्रणी रहा है और ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं। विधायक ने स्टेडियम ग्राउंड के सौंदर्यीकरण, सौर ऊर्जा लाइटिंग व्यवस्था व नियमित देखरेख की बात कही। उन्होंने कहा कि यह ग्राउंड न केवल खेल बल्कि सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र है, जिसका संरक्षण आवश्यक है। इस मौके पर मंच पर मोहन पांडे, दीनानाथ गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, मानती योगेंद्र सिंह, राजेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *