निर्माणाधीन अस्पताल में की थी वारदात, आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल

भास्कर न्यूज | रायगढ़ बड़े अतरमुडा मांझापारा स्थित निर्माणाधीन कल्याण अस्पताल में लगातार कॉपर पाइप और अन्य उपकरणों की चोरी की शिकायत मिल रही थी। चक्रधरनगर पुलिस इस मामले में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। अब पुलिस ने चोरी में शामिल फरार आरोपी विशाल गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया। अस्पताल निर्माण कार्य से जुड़े डॉ. बेदप्रकाश पटेल ने 20 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 नवंबर से अज्ञात चोर ऑक्सीजन पाइपलाइन काटकर ले जा रहे हैं। 20 नवंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे कंप्यूटर ऑपरेटर ईश्वर प्रसाद निराला और ड्राइवर भुनेश्वर गबेल मौके पर पहुंचे, जहां दो युवक चोरी करते हुए पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम नंदू दास महंत और अंशुल पंजवानी बताया। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि नंदू दास महंत अपने साथियों विशाल गुप्ता और चंदन राय के साथ मिलकर कई दिनों से अस्पताल में लगी ऑक्सीजन पाइप, कॉपर वायर और उपकरणों को काटकर चोरी कर बेच रहा था। चोरी की गई सामग्री को आरोपी दो अलग-अलग फेरीवालों के माध्यम से बेचते और रकम आपस में बांटकर खर्च कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख 22 हजार 162 रुपए मूल्य का सामान बरामद किया, जिसमें 6 बंडल कॉपर पाइप, ऑक्सीजन मेन फोल्ड, ऑक्सीजन आउटलेट, वैक्यूम आउटलेट, ग्लाइडर मशीन, ड्रिल मशीन, 2 बंडल कॉपर वायर, दो सीलिंग फैन और अन्य सामग्री शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *