निर्माणाधीन दुकान की पहली मंजिल से मजदूर गिरा, मौत:10 मिनट तक तड़पता रहा, किसी को पता नहीं लगा; 6 दिन पहले ही काम करने आया था

अलवर शहर में दो मंजिला निर्माणाधीन दुकान में काम कर रहे एक मजदूर की पहली मंजिल से गिरने से मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना का 10 मिनट तक किसी को पता नहीं लगा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिलक मार्केट में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे यह घटना हुई। मृतक अमरेश पुत्र बुध सिंह (45) निवासी गांव बडेर थाना मालाखेड़ा का रहने वाला था। मजदूर के गिरने का पता नहीं चला
जानकारी के अनुसार दोपहर में लंच में खाना खाने के बाद मिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मिस्त्री दूसरी मंजिल पर काम करने चला गया, जबकि मजदूर पहली मंजिल पर ही मौजूद था। कुछ समय बाद मजदूर नीचे गिर गया, लेकिन घटना के समय किसी को इसकी भनक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब मिस्त्री नीचे आया तो उसने मजदूर को नीचे गिरा हुआ देखा। हालत गंभीर होने पर मिस्त्री ने तुरंत दुकान मालिक रमेश गोयल को सूचना दी। इसके बाद मालिक, उसका बेटा और मिस्त्री घायल मजदूर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में पसरा मातम, दो बच्चे हैं मृतक के
मृतक के चाचा सूरज सिंह ने बताया- मृतक अमरेश सिंह छह दिन से प्रेम नामक मिस्त्री के साथ तिलक मार्केट में मजदूरी का काम कर रहा था। रोज की तरह गुरुवार को भी वह काम पर आया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दोनों ने खाना खाया था, इसके बाद यह हादसा हो गया। अमरेश दो भाइयों में बड़ा था। वहीं उसके दो बच्चे हैं एक बेटी और एक बेटा। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *