रायसेन पुलिस ने निर्माणाधीन स्कूल से हुई लाखों की चोरी का बुधवार रात खुलासा किया। इस मामले में भोपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चोरी करने वाले दो और चोरी का सामान खरीदने वाला एक व्यक्ति शामिल है। घटना 5 जनवरी 2025 की है। पीपलखेड़ा बायपास रोड पर स्थित निर्माणाधीन स्कूल से 25 क्विंटल लोहे का सरिया और 30 बोरी सीमेंट चोरी की गई थी। चोरी के माल की कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपए आंकी गई थी। फरियादी मोहम्मद जुबैर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 65 सीसीटीवी कैमरे खंगाले पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के निर्देशन में गठित टीम ने इस मामले की जांच की। 65 सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने भोपाल के नारियलखेड़ा निवासी गोलू कुशवाह, सेमरा चांदबड़ निवासी विनोद लोधी और निशातपुरा हाउसिंग बोर्ड निवासी गब्बर उर्फ सलमान को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 3 क्विंटल सरिया और 20 बोरी सीमेंट बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपए है। चोरी में इस्तेमाल किया गया न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बाइक भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने सांची थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। इस मामले में थाना प्रभारी संदीप चौरसिया और सैंडोरा चौकी प्रभारी हरिओम अस्ताया की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश किया गया है।


