भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में पंचायत सचिव ने अजीबो गरीब कारनामा किया है। जिले के निलावाया ग्राम पंचायत में 15वें वित्त से सचिव ने वर्ष 2023-24 में निलावाया में आंगनबाड़ी मरम्मत के नाम पर 89 हजार रुपए खर्च कर दिए जबकि निलावाया गांव के पटेलपारा, गोर्रेपारा, मिल्कानपार, स्कूल पारा कहीं भी आंगनबाड़ी भवन बना ही नहीं है। यहां आंगनबाड़ी केंद्र झोपड़ी में चल रही है। अब पंचायत सचिव ने राशि कहां खर्च कर दी यह बड़ा सवाल है। इसी तरह नक्सलियों द्वारा तोड़े गए जर्जर पंचायत भवन में वाटर रनिंग सिस्टम की मरम्मत के नाम से भी 30 हजार 15वें वित्त से खर्च कर दिए, निलावाया में पाइप लाइन विस्तार के नाम से भी 1 लाख 18 हजार निकाल लिए गए और यह काम भी कागजों में ही हुआ। हैंडपंप खनन में भी ठेकेदार के साथ मिलकर बड़ा खेल ग्राम पंचायत निलावाया में किया गया यहां 8 हैंडपंप खनन के नाम पर 11 लाख रुपए खर्च कर दिए और किसी भी हैंडपंप में पानी नहीं निकल रहा है। निलावाया में 15वें वित्त से 50 लाख से अधिक की राशि की गड़बड़ी की गई है। 15वें वित्त की राशि खर्च करने के लिए जनपद सीईओ, सरपंच, सचिव और कार्य के मूल्यांकन के लिए इंजीनियर की जरूरत पड़ती है। निलावाया में भी बोर खनन हुआ या नहीं, आंगनबाड़ी भवन है या नहीं अधिकारी यह तक देखने नहीं गए और राशि निकाल डाली। दंतेवाड़ा। झापड़ी में आंगनबाड़ी। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। कोई गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई होगी।


