निवाड़ी में मंगलवार को जिला गौरव उत्सव के अवसर पर अंतरराज्यीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। यह मैच टिमरनी और छत्तीसगढ़ की टीमों के बीच हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे शुरू हुए इस मुकाबले में मध्य प्रदेश की टिमरनी टीम और छत्तीसगढ़ राज्य की बालिका टीम आमने-सामने थीं। पहले राउंड में टिमरनी की टीम ने बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे राउंड में छत्तीसगढ़ की बालिकाओं ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों से दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवाड़ी विधायक अनिल जैन ने दोनों टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल से समाज की सोच बदलती है और ये बालिकाएं आने वाले कल की प्रेरणा हैं। विधायक ने सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।


