निवाड़ी जिले में बाईपास से रेलवे स्टेशन तक की महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस परियोजना के लिए नाप-तौल का काम शुरू कर दिया है, जिससे शहर के यातायात प्रबंधन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। आज शाम करीब 3 बजे, पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क के दोनों ओर नाप-तौल का कार्य किया। विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा इस मार्ग की चौड़ाई 23 मीटर निर्धारित की गई है। इसी आधार पर नाप की जा रही है, ताकि आगे का नक्शा और कार्य योजना तैयार की जा सके। पीडब्ल्यूडी कर्मियों के अनुसार, जैसे ही प्रशासन से अनुमति मिलेगी, 23 मीटर सड़क के चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बाईपास से रेलवे स्टेशन तक का यह मार्ग शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां अक्सर ट्रैफिक जाम, ओवरटेकिंग और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्याएं रहती हैं। डिवाइडर बनने से सड़क सुरक्षित और सुव्यवस्थित होगी, जबकि चौड़ीकरण से भारी वाहनों का दबाव कम होगा। अधिकारियों का मानना है कि इस सड़क के चौड़ा होने से शहर की आधी यातायात समस्याएँ हल हो जाएंगी। नप्ती पूरी होने के बाद तकनीकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके बाद प्रशासन से अंतिम अनुमति ली जाएगी। इसके उपरांत निर्माण एजेंसी और मशीनरी को काम पर लगाया जाएगा। यह परियोजना निवाड़ी की सड़कों में बदलाव को अब कागजों से जमीन पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


