निवाड़ी जिले के पीएम श्री कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में मध्यान भोजन खाने के बाद 12 छात्राएं बीमार पड़ गईं। छात्राओं को चक्कर, घबराहट और कमजोरी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना निवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित स्कूल में दोपहर करीब 2 बजे हुई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। छात्राएं बोलीं- धूप में बैठाया था बीमार पड़ी छात्राओं ने बाद में बताया कि उनकी कक्षाएं धूप में लगाई जा रही थीं। तेज़ धूप और गर्मी के कारण उन्हें पहले से ही परेशानी हो रही थी। छात्राओं का आरोप है कि उन्होंने कई बार शिक्षकों से धूप से हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। सबसे पहले पहुंची कलेक्टर घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर जमुना भिड़े स्कूल पहुंचीं। उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया, बीमार बच्चियों से बातचीत की और हालात की जानकारी ली। कलेक्टर के निर्देश पर तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और सभी 12 छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर बोले- अभी कुछ नहीं कह सकते मामले पर सीएमएचओ डॉ. अनिल झामनानी ने बताया कि छात्राओं को फूड पॉइजनिंग भी हो सकती है। खाने के सैंपल लिए गए हैं। वहीं जिला अस्पताल में छात्राओं का इलाज कर रहे डॉ. आदर्श तिवारी का कहना है कि छात्राओं के बीमार होने की वजह का अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। फिलहाल सभी बच्चियों की हालत स्थिर है।


