निवाड़ी जिले में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने एक विशाल रैली निकाली और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह और तहसीलदार जगदीश रंधावा को कलेक्टर कार्यालय में दिया गया। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में ई-अटेंडेंस प्रणाली को बंद करना, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करना और क्रमोन्नति शामिल हैं। प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के निर्देश पर यह ज्ञापन सौंपा गया। जनपद प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय प्रवक्ता राकेश तिवारी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के शिक्षक ई-अटेंडेंस तभी लगाएंगे, जब डीईओ, डीपीसी और जिले के अन्य अधिकारी स्वयं इसका उपयोग करेंगे। कार्यक्रम में राजकुमार नायक, मुकेश दुबे और संदीप गौतम ने भी शिक्षकों को संबोधित किया और सरकार से उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की। इसके बाद सैकड़ों शिक्षक नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान ‘ई-अटेंडेंस बंद करो’, ‘OPS बहाल करो’, ‘शिक्षकों को न्याय दो’ जैसे नारे गूंजते रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय प्रवक्ता राकेश तिवारी, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र पुरोहित, प्रदेश सह सचिव जितेंद्र पुरोहित, संभागीय सह सचिव संदीप गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष निवाड़ी जयप्रकाश साधक, पृथ्वीपुर ब्लॉक अध्यक्ष महेश कुशवाहा और ओरछा ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी सहित सैकड़ों शिक्षक साथी उपस्थित थे।


