निवाड़ी में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, भीम आर्मी का प्रदर्शन:कहा- साजिश में फंसाया गया, एसपी बोले- पुलिस दबाव में काम नहीं करेगी

निवाड़ी में अमर सिंह पाल हत्याकांड के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस केस में मुख्य आरोपी प्रमोद अहिरवार की गिरफ्तारी के विरोध में आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) ने निवाड़ी के अंबेडकर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रमोद अहिरवार को किसी राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है, इसलिए इस पूरे मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। निजी अंगों पर चोट से हुई थी मौत पुलिस के मुताबिक, 18 जनवरी को अमर सिंह पाल के साथ मारपीट की गई थी। एसपी डॉ. नरवरिया ने बताया कि प्रमोद अहिरवार, अनिल अहिरवार और उनके पांच साथियों ने मिलकर अमरपाल को पीटा था। इस हमले में अमरपाल के निजी अंगों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर प्रमोद और अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दबाव में काम नहीं करेगी पुलिस प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया ने साफ लहजे में कहा कि पुलिस किसी भी प्रकार के दबाव में काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि “जिनके परिवार के सदस्य की जान गई है, उन्हें इंसाफ मिलना जरूरी है। आप अपना पक्ष रखें, हम उसकी जांच कराएंगे।” एसपी ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी प्रमोद अहिरवार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। फिलहाल, जहां एक ओर संगठन प्रमोद को निर्दोष बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बता रहा है, वहीं पुलिस सबूतों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *